

जशपुर। अगर आपका पोस्ट लाइफ इंश्योरेंस (PLI) या ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) है, तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। डाक विभाग नई बीमा प्रबंधन प्रणाली (IMS) लागू कर रहा है, जिसके चलते 16 नवंबर 2026 से 24 नवंबर 2026 तक PLI और RPLI की सभी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।
इस दौरान डाकघरों, ग्राहक सेवा केंद्रों (CPC) और ऑनलाइन चैनलों पर कोई लेन-देन नहीं हो पाएगा।
क्या करना है? 15 नवंबर तक निपटा लें काम
विभाग ने साफ कहा है — 15 नवंबर 2026, रात 11:59 बजे तक अपने सभी जरूरी काम पूरे कर लें:
- नवीनीकरण प्रीमियम जमा करें या देय राशि का भुगतान करें
- PLI/RPLI से जुड़े सभी लेन-देन और सेवा अनुरोध पूरे कर लें
- कोई लंबित काम हो तो अपने PLI/RPLI सेल्सफोर्स या CPC से संपर्क करें
सेवाएं कब शुरू होंगी? नई IMS प्रणाली का पैन-इंडिया रोलआउट 25 नवंबर 2026 को होगा। इसके बाद सिस्टम के पुनस्थापन के साथ ही PLI सेवाएं दोबारा नियमित रूप से शुरू हो जाएंगी। जो ग्राहक व्यवधान की अवधि में लेन-देन नहीं कर पाएंगे, वे सेवाएं बहाल होने के बाद लाभ उठा सकेंगे।
डाक विभाग ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए ग्राहकों से धैर्य रखने की अपील की है।

