
पत्थलगांव। विधायक पत्थलगांव, उपाध्यक्ष सरगुजा विकास प्राधिकरण एवं गुजरात सह-प्रभारी श्रीमती गोमती साय तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने ग्राम लपई में सेमरकछार भट्ठीटोली से लपई तक 2.10 किलोमीटर लंबे पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया।

इस सड़क निर्माण कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। गांव का संपर्क मार्ग बेहतर होने के साथ ही ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य दैनिक आवश्यकताओं के लिए आने-जाने में सहूलियत होगी। विशेष रूप से किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को इस सड़क का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और आमजन को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। सड़कें विकास की महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी गति मिलती है। क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, बिजली, पानी सहित सभी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
भूमिपूजन के अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरावती पैंकरा, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरिता भगत, जनपद सदस्य अटल साय, जनपद सदस्य श्रीमती सरोज आपट, मंडल अध्यक्ष रवि यादव, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश चौधरी, पुरुषोत्तम सिंह ठाकुर, भूषण वैष्णव, मंडल उपाध्यक्ष बसंत वर्मा, क्षेत्रीय सरपंच सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। यह मार्ग क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की आवागमन संबंधी समस्याओं को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
