

जशपुर, 12 नवंबर। भारतमाला परियोजना को लेकर जशपुर के लोरो क्षेत्र में ग्रामीणों और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन गई। गुरुवार को प्रस्तावित सड़क का सर्वे करने पहुंचे अधिकारियों और कर्मचारियों को ग्रामीणों ने रोक दिया। बड़ी संख्या में महिला और पुरुषों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया और साफ कर दिया कि उनकी मांगों का समाधान किए बिना परियोजना का काम आगे नहीं बढ़ने देंगे।

ग्रामीणों का विरोध कृषि भूमि के अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर है। उनका आरोप है कि खेती की जमीन के बदले निर्धारित मुआवजा पर्याप्त नहीं है। जिस जमीन से परिवारों का भरण-पोषण होता है, उसके चले जाने के बाद वे आजीविका कैसे चलाएंगे? ग्रामीणों ने जमीन के बदले खेती योग्य जमीन देने की मांग उठाई है। कुछ भू-स्वामियों ने मुआवजा लेने से भी इनकार कर दिया है।

विरोध की सूचना पर कुनकुरी एसडीओपी राजेश कुमार साहू और दुलदुला तहसीलदार राहुल कौशिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
तहसीलदार राहुल कौशिक के मुताबिक, ग्रामीण भारतमाला परियोजना को अपने क्षेत्र से हटाने की मांग कर रहे हैं। यदि सड़क बनती है तो जमीन के बदले जमीन देने, सर्वे से पहले सूचना देने और उचित मुआवजा सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
गौरतलब है कि लुड़ेग से शंख तक भारतमाला परियोजना के तहत सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। इसी क्रम में लोरो से आरा तक प्रस्तावित सड़क का सर्वे किया जा रहा है। अब भूमि अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर ग्रामीणों के कड़े विरोध ने परियोजना के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
