

जशपुर। कहते हैं गुरु भगवान से भी बड़ा होता है, पर जशपुर के एक गुरु जी ने भगवान को ही सोशल मीडिया पर निशाने पर ले लिया और फिर जो हुआ, वो सबके लिए सबक है।बगीचा ब्लॉक के कुदमुरा स्कूल में बच्चों को ज्ञान देने वाले शिक्षक हेमंत बेदी अब खुद कानून का पाठ पढ़ रहे हैं। फेसबुक पर हिंदू देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों पर आपत्तिजनक और अभद्र पोस्ट करना उन्हें भारी पड़ गया।VHP ने ठोका केस, पुलिस ने की खातिरदारी
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष करनेल सिंह की नजर जब इस पोस्ट पर पड़ी तो उनका खून खौल उठा। वे सीधे कुनकुरी थाने पहुंचे और शिकायत ठोक दी। बस फिर क्या था, पुलिस ने भी देर नहीं की। BNS की धारा 196 (धर्म के आधार पर नफरत फैलाना) और 299 (धार्मिक भावना आहत करना) जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर, 4 दिन पहले ही शिक्षक जी को हवालात की हवा खिलाकर जेल भेज दिया।
अब शिक्षा विभाग ने भी चलाया हंटर जेल की हवा के बाद अब विभाग की गाज गिरी है। मामला तूल पकड़ता देख संयुक्त संचालक शिक्षा राजेश कुमार सिंह ने तत्काल एक्शन लेते हुए निलंबन का आदेश चस्पा कर दिया। आदेश के मुताबिक अब निलंबन अवधि तक हेमंत बेदी का ठिकाना स्कूल नहीं, बल्कि मनोरा BEO कार्यालय रहेगा।
एक पोस्ट, एक शिक्षक और दोहरी मार – पहले जेल, अब सस्पेंशन। इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले के मास्टर साहबों में हड़कंप है कि कहीं की-बोर्ड का गलत इस्तेमाल नौकरी न खा जाए।

