

पत्थलगांव – समाज से निकालो, फिर वापसी के नाम पर वसूली करो… इस खेल का पर्दाफाश आखिरकार पत्थलगांव पुलिस ने कर दिया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट कोरबा के आदेश पर हुई कार्रवाई में बटुराबहार के कथित समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा को पुलिस ने धर दबोचा है।
फोन-पे से 60 हजार, दोस्त के खाते से 40 हजार…
गांव बटुराबहार के गोपाल बंजारा की मानें तो उसे समाज से बहिष्कृत कर दिया गया था। जब उसने समाज में फिर से जुड़ने की गुहार लगाई, तो पदाधिकारियों ने सीधे जेब पर हाथ डाल दिया।
आरोप है कि समाज में वापसी के लिए 2 लाख की मांग रखी गई। गोपाल ने मजबूरी में 23 सितंबर 2022 को 1 लाख रुपये ट्रांसफर भी कर दिए – 60 हजार अपने SBI खाते से फोन-पे के जरिए शेखर के खाते में, और 40 हजार अपने दोस्त के इंडसइंड खाते से। इतने पर भी भूख शांत नहीं हुई और फिर से पैसों की मांग होने लगी। आखिरकार पीड़ित ने कोरबा कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
कोरबा कोर्ट से पत्थलगांव थाने तक
माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट कोरबा ने परिवाद को गंभीरता से लेते हुए थाना सिविल लाइन रामपुर कोरबा को FIR के निर्देश दिए। घटनास्थल पत्थलगांव का होने से केस डायरी पत्थलगांव ट्रांसफर हुई और अपराध क्रमांक 149/2026, धारा 308(2), 61(2), 3(5) BNS और सिविल राइट एक्ट 7(2) के तहत मामला दर्ज हुआ।
जेल गया अध्यक्ष, बाकी की तलाश जारी
बैंक ट्रांजेक्शन और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने 13 अक्टूबर को शेखर प्रसाद बंजारा (32 वर्ष) निवासी गौटियापारा, बटुराबहार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में महेंद्र बंजारा, नंदकिशोर और श्यामलाल समेत अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।
एसएसपी ने कहा – नहीं बख्शेंगे
डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने साफ कहा है कि समाज के नाम पर किसी को बहिष्कृत कर अवैध वसूली करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी इस तरह के कृत्य में शामिल होगा, उस पर कठोर कार्रवाई होगी।
फिलहाल इस गिरफ्तारी के बाद इलाके के कई तथाकथित समाज के ठेकेदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ताम्रकार की टीम ने इस कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।
