
तत्कालीन प्रभारी बीईओ वेदानंद आर्य और संबंधित बाबुओं की भूमिका जांच के दायरे में; खेल सामग्री से लेकर सफाई सामग्री की खरीदी में अनियमितता की आशंका
*पत्थलगांव – पत्थलगांव विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लाखों रुपये की सामग्री खरीदी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार, कार्यालय द्वारा खेल सामग्री, झूला, फिसल पट्टी, हैंडवॉश, टॉयलेट क्लीनर एवं फिनाइल सहित विभिन्न सामग्रियों की खरीदी की गई, जिनके कुल बिल लगभग 4 लाख 82 हजार 500 रुपये के हैं।
मामले में चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि खरीदी के लिए कोटेशन प्रक्रिया अपनाए जाने के बावजूद अलग-अलग फर्मों के नाम से प्रस्तुत कोटेशन में हस्ताक्षर एक ही व्यक्ति के होने की बात सामने आई है। यदि यह तथ्य दस्तावेजी जांच में सही पाया जाता है तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या वास्तव में अलग-अलग फर्मों ने स्वतंत्र रूप से अपनी दरें प्रस्तुत की थीं या केवल प्रतिस्पर्धा की औपचारिकता पूरी की गई थी?
कोटेशन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल
नियमानुसार खरीदी प्रक्रिया में अलग-अलग आपूर्तिकर्ताओं से दरें प्राप्त करने का उद्देश्य पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करना होता है। लेकिन यदि अलग-अलग फर्मों के कोटेशन पर एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर पाए जाते हैं तो पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता की जांच आवश्यक हो जाती है।
इस मामले में तत्कालीन प्रभारी बीईओ वेदानंद आर्य एवं संबंधित बाबुओं की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यह जांच का विषय है कि कोटेशन किसने प्राप्त किए, किसने उनका सत्यापन किया और किस आधार पर संबंधित फर्मों को खरीदी का कार्य सौंपा गया।
4.82 लाख रुपये की खरीदी का हिसाब
उपलब्ध बिलों में जय शेरावाली एंटरप्राइजेज और शिवा एंटरप्राइजेज, अंबिकापुर के नाम सामने आए हैं। इनमें खेल सामग्री, झूला, फिसल पट्टी और सफाई सामग्री की खरीदी दर्ज है। कुछ बिलों में समान प्रकार की सामग्री की अलग-अलग मात्रा और राशि भी दर्ज है।
अब सवाल यह है कि क्या खरीदी गई समस्त सामग्री वास्तव में कार्यालय अथवा संबंधित स्कूलों तक पहुंची? क्या उसका स्टॉक पंजी में विधिवत संधारण हुआ? और क्या भुगतान से पहले सभी आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया?
उच्चस्तरीय जांच की मांग
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित सभी फर्मों के मूल कोटेशन, हस्ताक्षरों का सत्यापन, दर तुलना पत्रक, क्रय स्वीकृति, बिल-वाउचर, स्टॉक पंजी एवं सामग्री वितरण के अभिलेखों की जांच कराई जानी चाहिए।
यदि अलग-अलग फर्मों के नाम से प्रस्तुत कोटेशन वास्तव में एक ही व्यक्ति द्वारा हस्ताक्षरित पाए जाते हैं और प्रक्रिया में अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पत्थलगांव बीईओ कार्यालय में कोटेशन प्रक्रिया केवल कागजों तक सीमित थी? क्या सरकारी खरीदी में वास्तविक प्रतिस्पर्धा हुई थी या केवल औपचारिकता निभाई गई? इन सवालों का जवाब निष्पक्ष जांच से ही सामने आएगा।
तीन फर्मों के कोटेशन,लेकिन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल
मामले में प्राप्त कोटेशन दस्तावेजों में जय शेरावाली एंटरप्राइजेज, शिवा एंटरप्राइजेज और विधि एंटरप्राइजेज के नाम सामने आए हैं। इन फर्मों ने खेल सामग्री, झूला, फिसल पट्टी एवं सफाई सामग्री की दरें प्रस्तुत की थीं। दस्तावेजों में कोटेशन की तारीख 8 जनवरी और 10 फरवरी 2026 दर्ज है, जबकि संबंधित खरीदी के बिल फरवरी माह में जारी हुए हैं
तत्कालीन प्रभारी बीईओ वेदानंद आर्य एवं संबंधित बाबुओं की भूमिका की जांच कर यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि कोटेशन प्राप्त करने से लेकर खरीदी और भुगतान स्वीकृति तक पूरी प्रक्रिया किसके निर्देशन में संचालित हुई।
