
पत्थलगांव आस्था, सूर्य उपासना और सामाजिक एकता का प्रतीक, चार दिवसीय छठ महापर्व का आज सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ भव्य समापन हो गया। जैसे ही उदीयमान सूर्य की पहली किरण पूरन तालाब के जल पर पड़ी, घाट पर मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने जय छठी मैया के गगनभेदी जयघोष के साथ सूर्य देव को नमन किया। 36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद व्रती महिलाओं के चेहरे पर संतोष और आस्था का तेज साफ झलक रहा था

भोर 3 बजे से ही घाट पर उमड़ा जनसैलाब
पत्थलगांव के ऐतिहासिक पूरन तालाब, किलकिला और पुरानी बस्ती के घाट पर अलसुबह 3 बजे से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। नहाय-खाय से शुरू हुआ यह कठिन व्रत खरना, संध्या अर्घ्य होते हुए आज उषा अर्घ्य तक पहुंचा। पूरे घाट परिसर में छठ के पारंपरिक गीत “केलवा जे फरेला घवद से…” गूंजते रहे, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया

बांस के सूप और दौरा में गेहूं के ठेकुआ, चावल के लड्डू, नारियल, गन्ना, सेब, केला और नींबू जैसे मौसमी फलों को सजाकर व्रतियों ने पूरी श्रद्धा से सूर्य देव को अर्पित किया
सभी समाज का पर्व बना छठ
पत्थलगांव में छठ अब सिर्फ भोजपुरी समाज का पर्व नहीं, बल्कि सर्वसमाज की आस्था का संगम बन गया है। घाट पर भोजपुरी समाज के साथ-साथ और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह दृश्य पत्थलगांव की और सामाजिक समरसता की सबसे बड़ी मिसाल पेश कर रहा था
भव्य सजावट, सेल्फी पॉइंट रहा आकर्षण का केंद्र
भोजपुरी समाज समिति द्वारा घाटों को दुल्हन की तरह सजाया गया था। रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और फूलों की सजावट के बीच युवाओं के लिए बनाया गया सेल्फी पॉइंट आकर्षण का केंद्र रहा। समिति द्वारा प्रसाद वितरण की भी उत्तम व्यवस्था की गई थी
प्रशासन रहा मुस्तैद
किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। घाट पर SDRF की टीम और दमकल वाहन तैनात रहे। थाना प्रभारी जितेन्द्र एस. ताम्रकार स्वयं पूरी समय मंच पर मौजूद रहकर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते रहे
विधायक गोमती साय ने सूप उठाकर की पूजा, मांगी क्षेत्र की खुशहाली
इस पावन बेला पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय घाट पर पहुंचीं। उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ घुटने भर पानी में उतरकर हाथ में सूप उठाकर भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की और छठी मैया का आशीर्वाद लिया
विधायक ने कहा, छठ व्रत सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि नारी शक्ति के त्याग, तपस्या और समर्पण का प्रतीक है। एक महिला अपने परिवार की सुख-शांति और संतान की लंबी उम्र के लिए 36 घंटे बिना जल के व्रत रखती है, इससे बड़ी आस्था और क्या होगी। यह पर्व हमें प्रकृति से जोड़ता है
उन्होंने छठी मैया से पूरे पत्थलगांव क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उनके साथ घाट पर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया
उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ ही चार दिवसीय लोक आस्था का यह महापर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया, और व्रती अपने घरों को लौट गए, अगले बरस फिर से इसी आस्था के साथ लौटने के वादे के साथ
